बिलासपुर के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित आटा और मशरूम का उत्पादन करने वाली एक उद्योग को बैंक ने मंगलवार को सीज कर दिया। बैंक लोन की किस्तें समय पर न देने पर यह कार्रवाई की। बैंक प्रबंधन की पुलिस टीम और उद्योग विभाग की उपस्थित में की गई इस कार्रवाई से उद्योगपतियों में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र बिलासपुर में आटा मिल और मशरूम का उत्पादन करने वाली एक मिल ने एक निजी बैंक से 2 करोड़ 82 लाख रुपये लोन लिया था। पिछले दो वर्षों से बैंक की किस्तें नहीं दी थी। इसके चलते ऋण ब्याज सहित 3 करोड़ से अधिक हो गया था। बैंक प्रबंधन ने इस बारे में कई बार नोटिस भी दिया था। बैंक प्रबंधन ने कड़ी कार्रवाई अमल में लाते हुए मंगलवार को उद्योग सीज कर दिया।
उधर, बैंक प्रबंधक विकास शर्मा ने बताया कि उक्त उद्योग की नीलामी अगले सप्ताह शुरू की जाएगी। यदि इस नीलामी में बैंक का ऋण पूरा नहीं होगा, तो उद्योग के मालिक की संपत्ति भी इसमें जोड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि संपत्ति अटैच करने के बाद भी यदि ऋण की राशि पूरी नहीं हुई, तो ऋण की गारंटी देने वाले गारंटर की संपत्ति भी इसमें अटैच होगी।