गेहड़वी बस अड्डा के पास शुक्रवार सुबह एक मिठाई की दुकान जल कर राख हो गई। आग लगने से चार लाख का नुकसान आंका गया है। इससे दुकान के अंदर रखे फ्रिज, राशन, मिठाइयां, बेंच, टीवी, चूल्हा व अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक दृष्टया आग लगने का का मुख्य कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार दुकान के मालिक निक्का राम ने बताया कि सुबह छह बजे वह दुकान आकर शटर खोलने की कोशिश की, लेकिन शटर अधिक गर्म होने के कारण किसी तरह वह खोल पाए। जब उन्होंने शटर खोला तो दुकान के अंदर का नजारा देखकर उनके पैरो के नीचे से जमीन ही खिसक गई।
दुकान के अंदर रखा सभी सामान जलकर राख हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय दुकानदार व लोग भी वहां पर एकत्रित हो गए। दुकानदारों ने इस आग के लिए बिजली बोर्ड को जिम्मेवार ठहराया है। दुकानदारों का कहना है कि आग लगने का कारण बिजली की तारे हैं, क्योंकि बिजली बोर्ड को वह पहले भी यहां पर टूट चुकी तारों की मरम्मत के बारे में कह चुके हैं।
कई बार कार्यालय में जाकर लिखित शिकायत भी चुके हैं, लेकिन बोर्ड के अधिकारियों व कर्मचारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। हर बार किसी न किसी बात का बहाना बना कर टूट चुकी तारों को ठीक नहीं करवाया। इसका नजीता निक्का राम को भुगतना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने पीड़ित दुकानदार को दस हजार रुपये की फौरी राहत दी। वहीं स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन से नुकसान का सही आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।
इस बारे में एसपी बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि गेहड़वी स्थित एक मिठाई की दुकान में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया है। पुलिस घटना स्थल का मुआयना कर आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।