नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की एक टीम ने स्वारघाट के समीप एक वोल्वो बस में सवार महिला और पुरुष से 634 ग्राम चरस बरामद की है। आरोप है कि वह चरस लेकर हिमाचल से बाहर जा रहे थे। लेकिन, मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने स्वारघाट में एक वोल्वो बस को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर एक महिला और पुरुष के कब्जे से 634 ग्राम चरस बरामद की गई।
बताया जा रहा है कि नारकोटिक्स कुल्लू से ही दोनों का पीछा कर रही थी। स्वारघाट में बस रुकी तो तुरंत तलाशी अभियान छेड़ दिया गया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान हरियाणा निवासी अजय और कुल्लू की महिला पूजा देवी के रूप में हुई है।
दोनों को स्थानीय न्यायालय में भी पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में रखने के आदेश हुए हैं। नारकोटिक्स के अधिकारी कुलदीप शर्मा ने संपर्क करने पर इसकी पुष्टि की है।