शाहतलाई (बिलासपुर)।
ग्राम पंचायत झबोला के जंगल में बुधवार को एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिला है। ऊना निवासी शिवराम परिवार के साथ दयोटसिद्ध मंदिर में माथा टेकने परिवार के साथ आया था। इस दौरान वह लौटते समय परिवार से बिछड़ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए घुमारवीं अस्पताल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार स्थानीय पंचायत के उपप्रधान अश्विनी बनियाल ने सूचना दी कि दियोटसिद्ध से आने वाले शॉर्टकट रास्ते झबोला जोल जंगल में बुजुर्ग व्यक्ति का शव पड़ा है। मृतक की पहचान शिव राम (90) सुपुत्र स्वर्गीय पोहलो राम बडेरा राजपूतां तहसील गगरेट जिला ऊना के रूप में हुई है।
परिवार के सदस्य त्रिलोक चंद और विचित्र सिंह ने मृतक की शिनाख्त कर दी है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि रविवार को बुजुर्ग परिवार के साथ दियोटसिद्ध बाबा बालकनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए आया था, लेकिन मंदिर में ज्यादा भीड़ होने के कारण वहपरिवार से बिछड़ गया। परिवार ने उसकी हर जगह तलाश की, लेकिन वह उन्हें मिल सका। परिवार ने यह समझा की वह शायद किसी अन्य गाड़ी से घर न चले गए हो। जब परिवार सदस्यों को घर में भी वह नहीं मिले तो उन्होंने बुजुर्ग के लापता होने के पोस्टर जगह-जगह लगा रखे थे।
इससे पुलिस को भी मृतक की शिनाख्त करने में आसानी हुई। इसी आधार पर दिए गए मोबाइल नंबर पर पुलिस ने बुधवार को शव की सूचना परिवार को दी। परिवार के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त की है। डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र जसवाल ने बताया कि बुजुर्ग का शव झबोला जोल जंगल में मिला है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।