अमर उजाला ब्यूरो
भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत मारहाण की एक बुजुर्ग महिला ने पंचायत प्रधान पर बेवजह तंग करने, गालीगलौज व जान से मारने की धमकी देने की शिकायत डीएसपी घुमारवीं से की है। डीएसपी घुमारवीं का कहना है कि ऐसी शिकायत उनके पास पहुंची है जिस पर कार्रवाई की जा रही है।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि पंचायत प्रधान के साथ उसका व उसके परिवार का कोई लेना देना नहीं है। बावजूद इसके पंचायत प्रधान शराब पीकर उसे व उसके परिवार को तंग कर रहा है जिससे वह और उसका परिवार डर के साये में रह रहे हैं व मानसिक परेशानी का सामना कर रहे हैं।
पपलाह गांव की ब्यासा देवी ने शिकायत में कहा कि बीती 25 नवंबर को उसका बेटा घुमारवीं से लौट कर अपने घर जा रहा था लेकिन रास्ते में प्रधान ने उसके बेटे का रास्ता रोक लिया व उल्टी सीधी बातें करने लगा और कहने लगा कि में आपको हवालात में करवा दूंगा।
शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में लिखा है कि यह कोई पहला वाकया नहीं है कि उक्त प्रधान ने उनके साथ इस तरह की धमकियां दी हों। इससे करीब एक महीना पहले भी उक्त प्रधान जान से मारने की धमकियां दे चुका है। महिला ने डीएसपी से मामले की छानबीन करने व प्रधान के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
उधर डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है मामले की छानबीन की जा रही है।