अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई(बिलासपुर)। क्षेत्र में रविवार शाम से हो रही बारिश के कारण ग्राम पंचायत जड्डू कुलज्यार के गांव कड़ोह में एक स्लेटपोश मकान और रसोई घर बारिश के कारण गिर गया। इस हादसे में प्रभावित परिवार को करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। वहीं प्रशासन की ओर से हल्का पटवारी को नुकसान की रिपोर्ट बनाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
उपतहसील कलोल के नायब तहसीलदार रमेश धीमान ने बताया कि क्षेत्र के पटवारी को मौके पर जाकर नुकसान की रिपोर्ट बनाकर भेजने को कहा गया है। वहीं मकान गिरने की सूचना उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है। पीड़ित मदनलाल पुत्र कर्म चंद ने बताया कि रविवार को वह अपने परिवार के साथ एक कमरे में सो रहे थे कि रात करीब तीन बजे किसी चीज के गिरने का धमाका हुआ। इस पर उसकी आंख खुल गई। जब घर के आंगन में जाकर देखा तो धमाका उसके रसोई घर के गिरने का हुआ था।
भारी बारिश के कारण उसके मकान में भी दरार आ रही है। उसने अपने मवेशियों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला तथा अपने परिवार को पड़ोसियों के घर जाकर शरण ली। मदन लाल ने बताया कि उस का स्लेटपोश रिहायसी मकान भी सुबह गिर गया है, जिसमें उसे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हो गया है।
उधर, उपतहसील कलोल के नायब तहसीलदार रमेश धीमान ने बताया कि जैसे ही घटना की सूचना उन्हें मिली तत्काल हल्का पटवारी को मौके पर जाकर नुकसान की रिपोर्ट बनाकर भेजने को कहा गया ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक मदद दी जा सके। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।