अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई(बिलासपुर)। तलाई पुलिस थाना के तहत आने वाले गांव मल्होट में एक व्यक्ति की मकान की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। हादसा करीब सुबह साढ़े पांच बजे हुआ, जब यह व्यक्ति छत पर गया हुआ था। इसी दौरान पांव फिसल जाने के कारण वह तीसरी मंजिल से गिर गया। परिजन हादसे के बाद व्यक्ति को जिला अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल ने की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव मल्होट निवासी कालीदास पुत्र लेखराम रिहायशी मकान की तीसरी मंजिल से गिर गया। यह व्यक्ति जन सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग कलोल के मरोतन सेक्शन में वाटरगार्ड के पद पर कार्यरत था। कालीदास सुबह करीब साढ़े पांच बजे अपने मकान की तीसरी मंजिल पर गया हुआ था कि अचानक उसका पैर फिसल गया और नीचे गिर गया।
जब परिजनों ने किसी चीज के गिरने की आवाज सुनी तो घर से बाहर दौड़े। वहां देखा कि कालीदास नीचे गिरा था और वह गिरने के कारण अचेत अवस्था में पड़ा था। परिजन पंचायत के उपप्रधान संजय कुमार, रणजीत सिंह, दलेल सिंह व ग्रामीणों की सहायता से कालीदास को जिला अस्पताल बिलासपुर ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, तलाई पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई। सूचना मिलते ही तलाई पुलिस का एक दल घटनास्थल पर पहुंच गया तथा मामले की छानबीन शुरू कर दी। वहीं मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
इधर डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तलाई पुलिस का एक दल घटना स्थल पर पहुंच गया है तथा मामले की छानबीन की जा रही है।