भराड़ी (बिलासपुर)। गाड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने सब इंस्पेक्टर के खिलाफ जांच तेज कर दी है। आगामी कार्रवाई के लिए एसपी कांगड़ा को सूचना दे दी गई है। वहीं आरोपी सब इंस्पेक्टर से पूछताछ के लिए पुलिस दल कांगड़ा भेजा गया है। खबर की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार ने की है।
उल्लेखनीय है कि करीब 6 महीने पहले मारपीट मामले में पुलिस ने एक जीप को कब्जे में लिया था। बिलासपुर जिला से संबंध रखने वाले एक सब इंस्पेक्टर पर भी मारपीट के आरोप लगे थे। पुलिस ने सब इंस्पेक्टर की जीप को भी कब्जे में लिया था। लेकिन लंबे समय तक जीप को छुड़ाने के लिए न आने पर पुलिस ने जब जांच की जो गाड़ी जालंधर से चोरी हुई पाई गई। इसके बाद पुलिस ने सब इंस्पेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आगामी कार्रवाई के लिए कांगड़ा के एसपी को भी सूचना दे दी है। वहीं आरोपी सब इंस्पेक्टर से पूछताछ के लिए पुलिस का एक दल कांगड़ा रवाना हो गया है। पुलिस को शक है कि आरोपी की गाड़ी चोर गिरोह के साथ सांठगांठ हो सकती है। पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस आरोपी के परिवार और रिश्तेदारों की गाड़ियों की छानबीन भी करेगी।
उधर, डीएसपी राजेश शर्मा ने बताया कि पुलिस की एक टीम पूछताछ के लिए कांगड़ा रवाना कर दी गई है। विभागीय कार्रवाई के लिए एसपी कांगड़ा को सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि दोषी जो भी होगा उसको बख्शा नहीं जाएगा।