अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई (बिलासपुर)। पुलिस थाना तलाई के तहत आने चार युवाओं ने बरठीं के रहने वाले एक शख्स पर विदेश भेजने के नाम पर ठगने का आरोप लगाया है। कोर्ट में शिकायत देने के बाद कोर्ट ने तलाई थाना को मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित शशीपाल व चार अन्यों ने कोर्ट में जाकर शिकायत दी है कि बरठीं के रहने वाले एक शख्स ने उन्हें विदेश भेजने का वायदा किया था। इसकी एवज में उन्होंने उसे पैसे दिए थे। पीड़ित चारों युवाओं ने बताया कि उन्होंने उसे दो लाख 70 हजार रुपये दिए थे लेकिन उसके बावजूद भी उसने उन्हें विदेश नहीं भेजा।
चारों का आरोप है कि वह उसे लगातार कह रहे थे, कि अगर वह उन्हें विदेश नहीं भेज सकता तो उनके पैसे वापस कर दे लेकिन वह ऐसा भी नहीं कर रहा था। इसके बाद चारों युवाओं ने इसकी शिकायत कोर्ट में दी। कोर्ट ने मामले की जांच के लिए तलाई पुलिस को भेज दिया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेशों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर घुमारवी डीएसपी राजेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।