विदेश भेजने के नाम पर एक युवक से 35 हजार ठगी का मामला सामने आया है। यही नहीं आरोपी ने युवक का मेडिकल करवाने के नाम पर करीब 15 हजार रुपये भी खर्च करवा दिए।
जब शाहतलाई का रहने वाला युवक जब पंजाब के इस एजेंट के पास पैसे वापस लेने के पहुंचा तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। एजेंट ने युवक का पासपोर्ट भी अपने पास रख लिया है।
पुलिस ने शिकायत मिलने पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बुधवार को चैत्र मेलों का निरीक्षण करने पहुंचे उपायुक्त बिलासपुर ऋग्वेद ठाकुर को युवक ने आप बीती सुनाई।
इसके बाद उन्होंने घुमारवीं के डीएसपी को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस थाना तलाई की ग्राम पंचायत बड़वाग गलू के गांव डोहक निवासी जगतराम पुत्र स्वारु राम ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है। मगर इससे उसका गुजर बसर नहीं हो रहा था।
इसको देखते हुए उसने विदेश में जाकर काम करने की सोची। इसके लिए उसने पासपोर्ट बनाया। इसी दौरान वह पंजाब के गांव नानगा ढक्की जिला रोपड़ निवासी अवनीश राणा के संपर्क में आया। जो नंगल अड्डा मार्केट में शॉप न0 12-13 की दूसरी मंजिल पर लोगों को विदेश भेजने का कार्य करता है। एजेंट ने उसे तीन महीने के भीतर विदेश भेजने का झांसा दिया और उससे इसके एवज में 35 हजार रुपये की मांग की। साथ ही युवक का पासपोर्ट भी अपने पास रख लिया।
इसके बाद एजेंट की मांग पर युवक ने मैहरे में जाकर पीएनबी की खाता संख्या (0359002100024741) जो राण ट्रैवलर के नाम चल रहा है, में 35 हजार की रकम 26 जुलाई 2016 जमा करवाई। इतना ही नहीं एजेंट ने युवक का मेडिकल करवाने के नाम पर भी 15000 रुपये खर्च करवा दिए। मगर इसके बाद वह युवक को झूठकर बोलकर टालता रहा।
जब युवक को लगा कि वह ठगी का शिकार हुआ है तो वह अपना पासपोर्ट और 35000 रुपये वापस लेने के लिए एजेंट के पास पहुंचा। मगर यहां एजेंट ने उसे कहा कि अगर फिर पैसे मांगने की हिम्मत की तो नहर में फेंक दिया जाएगा। इस बारे में तलाई थाना प्रभारी ठाकुर कर्म सिंह ने बताया कि उपायुक्त से एक शिकायत छानबीन के लिए आई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।