श्री नयना देवी (बिलासपुर) श्री नयना देवी के थाना कोट के तहत पंचायत घवांडल के प्रधान के खिलाफ फर्जी हस्ताक्षर कर कोरम पूरा करवाने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला 2016 का प्रकाश में आया है। इस मामले को लेकर अमर सिंह पुत्र बनता राम निवासी वार्ड- एक ग्राम पंचायत घवांडल ने शिकायत दर्ज करवाई है कि ग्राम पंचायत घवांडल की प्रधान मीना कुमारी ने ग्राम पंचायत की सभा में कोरम पूरा करने के लिए रजिस्टर पर उसका नाम व हस्ताक्षर किए हैं ताकि कोरम पूरा किया जा सके।
थाना कोट में दर्ज की गयी रिपोर्ट में अमर सिंह ने बताया कि इसी तरह कोरम पूरा करने के लिए और भी कुछ जाली हस्ताक्षर किए गए हैं। थाना कोट पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468, 471के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
श्री नयना देवी के डीएसपी संजय शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की तहकीकात की जा रही है।