अमर उजाला ब्यूरो
श्री नयना देवी (बिलासपुर)। श्री नयन देवी में पंजाब पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दोनों बदमाशों को कोर्ट ने 30 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों को बुधवार को कोट पुलिस ने अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वहीं पुलिस जांच में बदमाशों ने बताया है कि वारदात वाले दिन सबसे पहले उन्होंने मोहाली में शराब पी थी। इसके बाद उन्होंने गाड़ी को लुटने का प्लान बनाया था। बदमाशों ने बताया कि उन्होंने जो गाड़ी लुटी है वह उन्होंने पहले ही चयनित कर ली थी। इसके बाद उन्होंने उस गाड़ी के साथ अपनी गाड़ी लगा दी जिसे इन्हें लुटना था।
इसके बाद उन्होंने उस गाड़ी को रोककर उसमें बैठे लोगों को बंदूक दिखाकर गाड़ी से नीचे उतार दिया। उनके दो साथी अपनी गाड़ी में बैठ कर चले गए और वह श्री नयना देवी की ओर आ गए। बदमाशों ने यह भी बताया कि वह हिमाचल इसलिए पहुंचे क्योंकि यह शांत प्रदेश है। जबकि श्री नयना देवी में श्रद्धालु पहुंचते हैं तो किसी को भी उन पर शक नहीं होना था। बदमाशों ने यह भी बताया कि उनका आगे का प्लान गाड़ी को बेचना था। इसके बाद जो पैसा मिलना था वह सभी साथियों में बांट दिया जाना था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बदमाशों द्वारा वाहन को कहां बेचा जाना था और किसके जरिये बेचा जाना था।
डीएसपी नयना देवी मनोहर लाल ने बताया कि दोनों को अदालत में पेश किया गया था, जहां से इन्हें 30 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।