ट्रक से टकराई जीप, पांच घायल
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर धारकांशी के पास हादसा, जीप में पीछे सो रहे थे सभी
चार नालागढ़ अस्पताल में उपचाराधीन, एक पीजीआई रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट (बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर धारकांशी के पास सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को नालागढ़ स्थित एफआरयू ले जाया गया लेकिन एक की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार स्वारघाट पुलिस थाना के अंर्तगत नेशनल हाईवे चंडीगढ़-मनाली पर धारकांशी में एक पिकअप जीप (एचआर68बी-7487) बिलासपुर से स्वारघाट की तरफ आ रही थी।
जिसे चालक राजा पुत्र सुखवीर निवासी ग्यासपुर लोहारा जिला लुधियाना (पंजाब) चला रहा था। इस पिकअप जीप के पीछे चार लोग सोए हुए थे।
पंजपीरी पहुंचने पर पिकअप की टक्कर सामने से आ रहे एक ट्रक से हो गई। जिस कारण जीप बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके चलते उक्त पिकअप जीप में सो रहे पांच लोग घायल हो गए हैं। ये सभी घायल रूपेश, नथनी राम, नरेश पंडित, विष्णु पटेल, अमित, रियाज अंसारी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पिकअप जीप की सामने आ रहे ट्रक (एचपी64-1884) से टक्कर हो गई। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल नालागढ़ ले जाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल रूपेश पुत्र ठाकुर पटेल (23) गांव कुरमटोल पश्चिमी चंपारण बिहार को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
डीएसपी नयनादेवी जी संजय शर्मा ने बताया कि वीरवार सुबह एक जीप व ट्रक में टक्कर हुई है जिसमें पांच लोग घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए एफआरयू नालागढ़ रेफर किया गया है। एक गंभीर घायल को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है।