मासूम के अपहरण की कोशिश
खजुरिया (रामपुर)।
भीख मांगने आई एक महिला ने एक सात माह के मासूम के अपहरण की कोशिश की गई। इस दौरान बच्ची की मां और आरोपी महिला के बीच खींचतान भी हुई। घटना की कोई रिपोर्ट नहीं लिखाई गई है।
घटना खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम नरसुआ की है। ग्राम निवासी विनोद शर्मा मंगलवार दोपहर काम से गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी बब्ली देवी अपनी सात माह की बच्ची कनक के साथ थी। विनोद के मुताबिक, अपराह्न करीब तीन बजे करीब 45 वर्षीय एक महिला भीख मांगने के लिए उसके घर के दरवाजे पर पहुंची। इस पर बब्ली अपनी पुत्री को घर के दरवाजे पर एक चारपाई पर लिटाकर घर के अंदर आटा लेने चली गई।
आरोप है कि इस दौरान महिला ने बच्ची को उठा लिया और ले जाने लगी। इस दौरान बब्ली आटा लेकर घर के दरवाजे पर पहुंच गई। उसने चारपाई पर बच्ची को गायब देखा तो उसकी चीख निकल गई। इस दौरान उसने शोर मचा दिया और बच्ची को ले जा रही महिला से भिड़ गई और बच्ची को छीन लिया। इस दौरान दोनों के बीच छीनाझपटी हुई। इसके बाद भीख मांगने वाली महिला गांव में कहीं गायब हो गई। महिला को लोगों ने काफी खोजा, मगर नहीं मिली। घटना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। घटना की कोई रिपोर्ट नहीं लिखाई गई है। वहीं, खजुरिया पुलिस ने घटना के प्रति अनभिज्ञता जाहिर की है।