बिलासपुर। नगर परिषद बिलासपुर ने जिले के 6 मीट व्यापारियों को नाले में गंदगी फैलाने के मामले में नोटिस जारी किए हैं। नप ने यह नोटिस दूसरी बार जारी किया है। इसके बाद अब इन व्यापारियों को नोटिस नहीं दिए जाएंगे, सीधे कोर्ट से पेशी के लिए समन आएगा।
शहर के साथ लगती मीट मार्केट में व्यापारियों द्वारा साथ लगते नाले में गंदगी फैला रखी हुई थी। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ था। हालांकि नप की ओर से इससे पहले भी एक बार इन छह मीट व्यापारियों को नोटिस भेजे गए थे। नालों में फैलाई गई गंदगी को साफ करने को कहा गया था। नप ने दोबारा निरीक्षण किया तो गंदगी वैसी की वैसी ही थी। इसके बाद दोबारा से इन मीट कारोबारियों को नोटिस दिए गए हैं।
नगर परिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर गुरदास शर्मा का कहना है कि छह मीट व्यापारियों को दूसरी बार नोटिस दिए गए हैं। इसके बाद किसी भी तरह का नोटिस नहीं दिया जाएगा, सीधे कार्रवाई की जाएगी।