भराड़ी/बिलासपुर। घुमारवीं के पट्टा केे पास सोमवार शाम करीब 5:45 बजे उपायुक्त की सरकारी ईनोवा कार के साथ निजी कार की टक्कर हो गई। हादसे में किसी को चोटें नहीं आई है। लेकिन दोनों कारों को नुकसान हुआ है। घटना के बाद आधा घंटे तक जाम भी लगा रहा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उपायुक्त बिलासपुर ऋग्वेद ठाकुर अपनी कार में घुमारवीं कॉलेज में इवीएम मशीनों की चेकिंग पर जा रहे थे। जैसे ही वह पट्टा के पास पहुंचे तो एक निजी कार एचपी 23ए-3288 जो घुमारवीं की तरफ आ रही थी के साथ आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद करीब आधा घंटे तक जाम भी लगा रहा। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में घुमारवीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बीच सड़क से दोनों गाड़ियों को हटाया। जिसके बाद मार्ग बहाल हो पाया। उपायुक्त की गाड़ी चालक साइड से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। जबकि निजी कार को भी खासा नुकसान हुआ है। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता होने से पुलिस तक मामला नहीं पहुंचा।
एसपी बिलासपुर अंजुम आरा ने बताया कि पट्टा के पास उपायुक्त की सरकारी गाड़ी व निजी गाड़ी के बीच टक्कर हुई है। लेकिन दोनों पक्षों के बीच समझौता होने से मामला दर्ज नहीं हुआ है।