बिलासपुर। चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर कोठीपुरा के पास एक जीप चालक ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल जीप चालक को जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार जीप चालक रजनीश (42) गांव धाबण, जिला मंडी, पुलिस थाना बल्ह पंजाब से सामान लेकर वापस मंडी आ रहा था। जैसे ही वह बिलासपुर के कोठीपुरा नामक स्थान पर पहुंचा तो जीप से नियंत्रण खो बैठा। इससे जीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने जीप मालिक शिव कुमार पुत्र प्रेम सिंह गांव धाबण जिला मंडी के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। जीप मालिक का कहना था कि उसे फोन कर किसी ने सूचना दी कि उसकी जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। चालक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया है, जहां उसकी मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
डीएसपी बिलासपुर हेडक्वार्टर संजय शर्मा ने बताया कि कोठीपुरा के पास सड़क हादसे में जीप चालक की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।