हजरतपुर फायरिंग में एक और घायल की मौत
बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर दिनदहाड़े हथियारों से लैस एक व्यक्ति ने अपने परिजनों के साथ अपने भाई के फार्म में घुसकर की गई फायरिंग में भतीजी की मौत के बाद घायल उसके रिश्तेदार ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया है। जबकि एक अन्य घायल महिला का आपरेशन किया गया। पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ हत्या व जानलेवा हमला आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
उत्तराखंड की सीमा से सटे कोतवाली क्षेत्र की रुद्रबिलास चौकी क्षेत्र के ग्राम हजरतपुर निवासी सुखविंद्र सिंह का अपने छोटे भाई करम सिंह से जमीन को लेकर काफी समय से विवाद व रंजिश चल रही है। 28 जून की शाम सुखविंद्र सिंह अपने घर में पत्नी गुरमीत कौर, पुत्री जसपाल कौर (30) व रिश्तेदार जसपाल सिंह निवासी बरा थाना किच्छा ऊधमसिंहनगर के साथ मौजूद थे। आरोप है कि हथियारों से लैस करम सिंह अपने ही परिवार के कुछ लोगों के साथ उसके घर में घुस गया और उनके ऊपर रंजिशन फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से जसपाल कौर की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि, गुरमीत कौर व जसपाल सिंह गंभीर घायल हो गए थे। इसके बाद सभी हमलावर भाग गए थे। पुलिस ने जसपाल कौर के शव को पीएम को भेजा था तथा घायल गुरमीत कौर को रुद्रपुर के एक अस्पताल में तथा जसपाल सिंह को बरेली के एक अस्पताल भेज दिया था। एसपी डा. विपिन ताड़ा ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने के लिए चार टीमों का गठन किया था।
परिजनों के मुताबिक, बरेली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार की रात जसपाल सिंह ने दम तोड़ दिया है। उनकी मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया है। जसपाल सिंह के एक पुत्र व एक पुत्री बताए गए हैं। परिजन पीएम के बाद उनके शव को उनके गांव बरा ले गए हैं। वहीं, रुद्रपुर के अस्पताल में भर्ती गुरमीत कौर का गुुुरुवार को चिकित्सकों ने आपरेशन किया, जो सफल रहा है। उनकी हालत में भी सुधार बताया गया है। जसपाल कौर का शव पीएम के बाद गुरुवार की शाम ग्राम हजरतपुर स्थित उनके फार्म पर पहुंचा और पुलिस की मौजूदगी अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, पुलिस ने सुखविंद्र की पुत्री सरनदीप कौर की तरफ से अमनदीप सिंह पुत्र करम सिंह, करम सिंह पुत्र नक्षत्र सिंह, रंजीत कौर पत्नी करम सिंह, गुरपवन कौर पुत्री करम सिंह निवासी हजरतपुर, बरेली जिले थाना शीशगढ़ के ग्राम मनवापट्टी के त्रिपाठी फार्म निवासी बंता सिंह तथा नवीबऊमद उर्फ नबिया व उसका पुत्र फारुख तथा दो अज्ञात के खिलाफ हत्या, जलानलेवा हमला, बलबा आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने हत्यारोपियों की तलाश में कई संदिग्ध स्थानों पर छापामार कार्रवाई की, मगर कोई नामजद नहीं मिला है। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।