कैराना(शामली)। सहारनपुर से कैराना में अपने ननिहाल में आए बालक की विद्युत खंभे से करंट लगने पर मौत हो गई। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
बृहस्पतिवार सुबह मोहल्ला आल दरम्यान निवासी शहीद की बेटी रिजवाना सहारनपुर से अपने तीन बेटों को साथ मायके आई थी। दोपहर करीब दो बजे रिजवाना का बेटा मोहम्मद कैफ (11) बाजार से कुछ सामान खरीदकर घर आ रहा था। इसी दौरान तेज बारिश भी हो रही थी। घर के पास ही स्थित विद्युत खंभे से कैफ को करंट लग गया तथा वह बेहोश होकर वहीं गिर गया। आसपास के लोगों ने शोर मचाते हुए बेहोश बालक को किसी तरह खंभे से अलग किया। परिजन बालक को निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डाक्टर ने बालक को मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में दो बार विद्युत निगम के लाइनमैन वहां आए। बालक के परिजनों व मोहल्ले वालों ने उन्हें खंभे पर चढ़ने नहीं दिया। मोहल्ले वालों की मांग थी कि पहले बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर आएंगे, उसके बाद ही विद्युत लाइन में आया फाल्ट ठीक करने दिया जाएगा। बालक के नाना शहीद ने बताया कि बालक के पिता फुरकान को सहारनपुर में हादसे की सूचना दे दी है। उनके आने के बाद ही बालक के शव को सपुर्द ए खाक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनके नाती की मौत की सूचना बिजली निगम के जेई व एसडीओ को दी गई थी, लेकिन इतना बड़ा हादसा होने के बाद कोई अधिकारी मौके पर नहीं आया। उधर, अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि किसी केबिल में कट होने व बारिश आने के कारण खंबे में करंट उतर गया, जिससे बालक की मौत हो गई। शाम को बालक के मामा मोहम्मद अफजल ने कैराना कोतवाली में तहरीर देकर विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।