घुमारवीं(बिलासपुर)। शिमला-धर्मशाला एनएच 103 दधोल के समीप शनिवार सुबह के समय दो गाड़ियों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर में दोनों गाड़ियों का काफी नुकसान हुआ है। हादसे में एक गाड़ी हमीरपुर से घुमारवीं व दूसरी घुमारवीं से हमीरपुर की ओर जा रही थी।
दोनों गाड़ियों की रफ्तार तेज होने के चलते पच्चास मीटर दूर तक घसीटती चली गईं। गनीमत यह रही कि इस हादसे में राहगीर इसकी चपेट में नहीं आए। गाड़ियों की आपसी टक्कर में सवारियों को मामूली चोटें ही आई हैं। हादसे में एक बोलेरो गाड़ी एचपी 24-8248 तथा दूसरी गाड़ी सलेरियो कार नंबर एचपी 89-1504 है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे के समय स्थानीय लोगों की मदद से दोनों चालकों को बाहर निकाला गया। चोटें आने के चलते स्थानीय लोगों द्वारा निजी क्लीनिक में उपचार करवाया गया। उधर, घुमारवीं डीएसपी राजेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों चालक सुरक्षित हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, छानबीन जारी है।
-