शाहतलाई (बिलासपुर)। शाहतलाई-बड़सर मार्ग पर मारूड़ा-बग्लामुखी मंदिर के पास कार के पलटने से महिला घायल हो गई है। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आई हैं। महिला को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़सर अस्पताल लाया गया है। जबकि कार सवार अन्य लोगों को भी उपचार के लिए लाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार हमीरपुर जिला के सुजानपुर से परिवार के सदस्य बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध गुफा दर्शन के लिए जा रहे थे। दंपती अपने दोनों बेटों के साथ जा रहे थे लेकिन जैसे ही कार मारूड़ा के पास पहुंची तो अचानक ही सड़क में लगे पैराफिट से टकरा गई।
इस कारण चालक कार पर से अपना नियंत्रण खो बैठा जिसके बाद कार सामने पहाड़ी से टकरा कर सड़क पर ही पलट गई जिसमें कार सवार महिला सानिया (34) सुजानपुर को गंभीर चोटें आई हैं। गाड़ी पलटने से गाड़ी में आगे बैठी महिला को कड़ी मशक्कत के साथ स्थानीय लोगों ने खिड़की से बाहर निकाला। जबकि हादसे में महिला के पति और दो युवकों का बचाव हो गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत 108 एंबुलेंस से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़सर अस्पताल ले जाया गया। हादसे में महिला के नाक, मुंह और पांव में गंभीर चोटें आईं हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने परिवार को गाड़ी से निकाल 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचा दिया है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर घटना की जांच शुरू कर दी है।