स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुटैहला के गांव डढराना के जंगल में मानसिक तौर से परेशान एक व्यक्ति ने आग लगा कर वन संपदा को नुकसान पहुंचाया है। आग से करीब 26 छोटे व बड़े पेड़ों सहित अन्य लकड़ियां चपेट में आ गई हैं जिन्हें उस मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति ने काट दिया। वन विभाग की टीम ने जली हुई हालत में पेड़ पाए हैं। वन खंड अधिकारी पवन शर्मा ने कार्रवाई करते हुए अधजले पेड़ों को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार ज्ञान सिंह पुत्र स्वर्गीय भुरू राम जो इसी जंगल के साथ सटे गांव में एक टीन के शैड में गत कई साल से रह रहा है। बताया जा रहा है कि उसके कोई देखने वाला नहीं है वह अपनी पत्नी के साथ अकेला ही जंगल के साथ जैसे तैसे गुजारा कर रहा है।
विज्ञापन
बताया जा रहा कि वह कुछ मानसिक रूप से परेशान व अस्वस्थ हो चुका है। घटना की सूचना बीट में तैनात वन रक्षक ने वन खंड अधिकारी पवन शर्मा को दी जिस पर वन खंड अधिकारी पवन शर्मा अपने दल के साथ व पुलिस थाना स्वारघाट से पुलिस की एक टीम मौके पर गई जिसपर वन विभाग की टीम ने ज्ञान सिंह से पूछताछ की है। इस पर आरोपित व्यक्ति ज्ञान सिंह ने टीम को बताया कि यह मेरी मलकीयत जमीन है और यह जमीन वन विभाग की नहीं है। इस पर वन खंड अधिकारी पवन शर्मा ने कार्रवाई करते हुए अधजले पेड़ों को कब्जे में ले लिया है।
वन परिक्षेत्राधिकारी स्वारघाट नंद लाल चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि छोटे बड़े पेड़ों का बालन कब्जे में ले लिया गया है व वन विभाग के उच्चा अधिकारियों को भी इस मामले के बारे में सूचित कर दिया गया है। उक्त स्थान की निशानदेही के बाद आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।