बिलासपुर। बिलासपुर शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर सुंगल के पास एक मोटरसाइकिल के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से बाइक सवार आईटीआई प्रशिक्षु छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। जबकि मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार साहिल पुत्र प्रकाश गांव नोग जिला बिलासपुर अपनी बाइक (एचपी24ए-8538) पर सवार होकर बिलासपुर स्थित निजी आईटीआई में पढ़ने को आ रहा था लेकिन जैसे ही वह सुंगल के पास मलाघाट नामक स्थान पर पहुंचा तो अचानक ही वह मोटरसाइकिल पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और सामने से आर रहे ट्रक (एचपी65-0102) के पिछले टायर के नीचे आ गया।
इससे पहले की ट्रक चालक ब्रेक लगा पाता वह पूरी तरह से टायर के नीचे आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि ट्रक चालक ने युवक को बचाने की भी कोशिश की लेकिन जब तक ट्रक रुक पाता युवक की मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि युवक घर का अकेला लड़का था। उसकी तीन बहनें हैं। घटना का पता चलते ही सदर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद पुलिस ने युवक के शव को ट्रक के टायरों के नीचे से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है, जबकि वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
एसएसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि मामला दर्ज कर लिया गया है।