अमर उजाला ब्यूरो
नयना देवी (बिलासपुर)।
पुलिस थाना कोट-कहलूर के तहत आने वाले गांव मंडयाली में लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस किनारे खड़ी एक कार को आग लगा दी। पुलिस ने गाड़ी मालिक के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गाड़ी के मालिक महेंद्र ने दावा किया है कि उसकी गाड़ी को उसके जानने वाले एक व्यक्ति ने आग लगाई है। पुलिस को बताया कि उसने उसके जानने वाले एक व्यक्ति को अपनी कार बेची थी, जिसकेे बाद वह गाड़ी को चलाने लगा। लेकिन कुछ समय बाद उसे बैंक की ओर से गाड़ी की किस्त न दिए जाने को लेकर समन आने शुरू हो गए। उसके बाद उसने उस व्यक्ति को गाड़ी की किस्तें देने को कहा लेकिन उसके बावजूद वह गाड़ी की किस्तें नहीं दे रहा था। जब बार-बार बैंक के समन आने शुरू हुए तो उसने गाड़ी को उससे ले लिया। इसके बाद उसने अपनी गाड़ी को लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस के पास खड़ा कर दिया। लेकिन, आठ फरवरी को उक्त व्यक्ति ने इसी गश के चलते उसकी गाड़ी के टायरों को आग लगा दी। स्थानीय लोगों ने जब उसे बताया तो उसने मौके पर जाकर आग को बुझाया। इससे पूरी गाड़ी तो जलने से बच गई, लेकिन टायर जल कर राख हो गए। पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। डीएसपी बलदेव शर्मा का कहना है कि पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।