बरमाणा (बिलासपुर)। गत बुधवार को जमथल में मजदूर पर गोली चलाने के मामले में आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया। अदालत से आरोपी का दो दिन का और पुलिस रिमांड मिला है। वहीं अदालत ने पुलिस को भी फटकार लगाई है कि अभी तक बंदूक क्यों बरामद नहीं हो पाई।
उल्लेखनीय है कि जमथल निवासी रूप लाल पुत्र गुलाबा राम ने गत बुधवार रात थाना बरमाणा में फोन कर शिकायत दी थी कि उन्हीं के गांव के दिनेश कुमार ने उनके घर में काम कर रहे मजदूर बलदेव पर गोली चलाई है। लेकिन, गोली साइड से निकल गई और मजदूर की जान बच गई। रूप लाल ने बताया कि मजदूर बांस काट रहे थे और दिनेश ने शराब पीकर उन्हें बांस न काटने की चेतावनी दी। जब मजदूरों ने अपना काम जारी रखा तो दिनेश ने मजदूर पर गोली चला दी।
थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।