अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई(बिलासपुर)।
तलाई थाने के कुठेरण में हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ट्रैक्टर की जीप से टक्कर हो गई। हालांकि ट्रैक्टर चालक को झंडूता अस्पताल लाया गया। मगर उसे बचाया नहीं जा सका। खबर की पुष्टि करते हुए एसपी अंजुम आरा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तलाई थाना के कुठेरण के पास एक ट्रैक्टर और जीप नंबर एचपी 69-2541 की टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक शशि पुत्र बिहारी लाल निवासी जेजवीं की मौत हो गई है। टक्कर इतनी जोरदार थी टक्कर के बाद ट्रैक्टर सड़क से नीचे जा गिरा। हालांकि घायल ट्रैक्टर चालक को लोगों ने सीएचसी झंडूता पहुंचाया। मगर यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जीप चालक विजय कुमार निवासी बदरोल-जेजवीं के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी बिलासपुर अंजुम आरा ने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 279 व 304ए के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।