स्वारघाट (बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर स्वारघाट के अपर एक्साइज बैरियर पर वीरवार देर रात हिमाचल परिवहन निगम परवाणू डिपो की बस और पंजाब की कार में टक्कर हो गई। इस कारण कुछ देर तक यातायात प्रभावित हुआ। सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
स्वारघाट थाना की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों वाहनों को सड़क किनारे किया और सड़क मार्ग को बहाल कराया है।
जानकारी अनुसार वीरवार देर रात चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर निगम की बस एचपी (15ए-6028) परवाणू-मनाली रूट पर जा रही थी। जब बस अपर एक्साइज बैरियर स्वारघाट के पास पहुंची तो तीखे मोड़ पर सामने से ओवरटेक कर रही एक कार पीबी (01ए-5441) से टक्कर हो गई। हालांकि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। बाद में सभी सवारियों को अन्य बस में मनाली भेजा गया। बस और कार को स्वारघाट थाना पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
स्वारघाट के थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश पराशर ने बताया कि कार चालक मुनीष चंडीगढ़ निवासी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।