अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। माकड़ी खड्ड में डूबने से हुई सचिन शर्मा की मौत के मामले में पुलिस की जांच पर परिजनों ने सवाल उठाए हैं। भराड़ी पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों ने डीएसपी घुमारवीं से निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है।
सचिन के पिता बनवारी लाल शर्मा ने उनके बेटे की मौत पर सवाल खड़े करते हुए डीएसपी से मामले की नए सिरे से जांच की गुहार लगाई। उन्होंने बेटे की हत्या का शक जाहिर किया है। बनवारी लाल का कहना कि उनका पुत्र तैरना जानता था फिर वह कैसे डूब सकता है। उन्होंने संदेह जताते हुए कहा कि जहां पर उनके बेटे की मृत्यु हुई है उस जगह की गहराई नौ फुट के करीब है जबकि उनके बेटे की लंबाई छह फुट के करीब थी। फिर वो कैसे डूब सकता है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया है कि जब उनके बेटे की मौत हुई तो गांव की एक महिला ने 108 एंबुलेंस को मौके से पहले ही क्यों वापस भेज दिया। उन्होंने कहा कि अगर उनके बेटे की मौत डूबने से हुई थी तो पेट में पानी क्यों नहीं भरा था। यह सब बातें यह संदेह पैदा कर रही हैं कि उनके बेटे की मौत घटना न होकर साजिश है।
डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया कि वह स्वयं इस मामले में गंभीर है और परिजनों के द्वारा बताई बातों की जांच करेंगे। अगर इस मामले में कोई संलिप्त पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट को जांच के लिए चिकित्सकों का भेजा गया है।