बिलासपुर।
उपायुक्त कार्यालय के साथ लगती सरकारी इमारत में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सबसे नीचे वाली मंजिल में एकाएक ही बिजली की तारों में आग लग गई। शाम करीब पांच बजे हुई इस घटना से कर्मचारी जान बचाने के लिए इमारत की छत की ओर भाग गए। बाद में अग्निशमन दल को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने आग पर काबू पाया। इसके बाद माहौल शांत हुआ।
जिस इमारत में शॉट सर्किट हुआ उसमें इलेक्शन कानूनगो कार्यालय, आरटीओ कार्यालय, खाद्य आपूर्ति कार्यालय, डीपीआरओ कार्यालय और एसबीआई बैंक की चेस्ट ब्रांच है। इसमें रोजाना सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। सरकारी कार्यालयों में भी रोजाना लोगों का आना जाना लगा रहता है। गनीमत यह रही कि शॉर्ट सर्किट शाम पांच बजे हुआ, जब सरकारी कर्मचारी घर जा रहे थे। जैसे ही शॉर्ट सर्किट हुआ वहां से गुजर रहे कर्मचारी बिना देरी किए इमारत की छत पर चढ़ गए। ताकि किसी हादसे का शिकार न हो सके। इसके बाद किसी ने दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद अग्निशमन दल वाहन के साथ मौके पर पहुंचा। जिसके बाद शॉर्ट सर्किट की आग को शांत किया गया। बाद में छह बजे इमारत के अंदर फंसे कर्मचारी घरों को गए।
विज्ञापन
गौरतलब है कि जहां पर शॉट सर्किट हुआ वहां पर तारों को खुला रखा गया है। यहां पर एक हाई वोल्टेज बिजली का मीटर लगा है। इसकी तारें खुली रहती हैं। अगर यहां पर गलती से कोई इंसान छू जाए तो उसका बच पाना मुश्किल है। शाम पांच बजे भी इसी मीटर में शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे वहां पर आग गई और अफरा-तफरी मच गई।
दमकल केंद्र बिलासपुर के प्रभारी अश्वनी कुमार शर्मा ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से दो मीटर जल गए हैं, जबकि सर्विस वायर भी जल कर नष्ट हो गई है। इस शॉर्ट सर्किट में करीब दस हजार का नुकसान हुआ है।