अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में सब्जी की दुकानों का निरीक्षण दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरे दिन भी एसडीएम ने दुकानों के हालात जांचे। वहीं उन्होंने मौके पर पॉलिथीन का प्रयोग करने वालों के चालान भी काटे और मौके पर ही दो हजार रुपये जुर्माना वसूल कर लिया। वहीं उन्होंने सब्जी कारोबारियों को चेताया कि अगर पॉलिथीन का प्रयोग किया तो आने वाले समय में इससे भी कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसडीएम की कार्रवाई से सब्जी कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
शुक्रवार को भी सुबह ही एसडीएम ने सब्जी कारोबारियों के यहां छापेमारी की। हालांकि जैसे ही एसडीएम निरीक्षण के लिए पहुंचे तो कई कारोबारी दुकानें बंद कर कुछ देर के लिए चलते बने। एसडीएम के लगातार निरीक्षण से यहां सब्जी कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। गौर रहे कि एसडीएम को लंबे समय से लोगों की शिकायतें मिल रही है कि सब्जी कारोबारी पॉलिथीन का सरेआम प्रयोग कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर एसडीएम दो दिनों से लगातार सब्जी कारोबारियों की दुकानों का निरीक्षण कर रहे हैं।
एसडीएम घुमारवीं शशीपाल शर्मा ने बताया कि दुकानदारों के द्वारा जहां से भी सब्जी लाई जा रही है वहीं से पॉलिथीन में पैक कर भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को भी निरीक्षण में पाया गया कि कारोबारी पॉलिथीन में सब्जी ला रहे हैं जिसका मौके पर चालान किया गया। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी प्रकार से जारी रहेगी।
----------------------