बिलासपुर/केमरी (रामपुर)। खंभे पर चढ़कर बिजली संभाल रहे एक ग्रामीण की करंट लगने से मौत हो गई। उसकी मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
घटना केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम सुनारखेड़ा की है। ग्राम निवासी हरपाल सिंह चंद्रबंशी (42) के परिजनों के मुताबिक, बुधवार की रात करीब नौ बजे उनके घर की बिजली खराब हो गई थी। हरपाल ने अपने घर की बिजली की लाइन को पहले तो ठीक करने का प्रयास किया, मगर लाइन ठीक नहीं हो सकी। इस दौरान लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर से उसकी लाइन खराब है। इसके बाद वह बिजली ठीक करने के लिए ट्रांसफार्मर वाले खंभे पर चढ़ गया। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और खंभे से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार की शाम को परिजनों ने उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया।