बिलासपुर। जमथल में मजदूर पर गोली चलाने के मामले में पुलिस अभी तक बंदूक का पता नहीं लगा पाई है। पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है। लेकिन, अभी तक आरोपी ने पुलिस को यह नहीं बताया कि वारदात के बाद उसने बंदूक कहां छुपा रखी है।
गौर रहे कि आचार संहिता के चलते आरोपी का लाइसेंसी हथियार बरमाणा पुलिस थाना में जमा है। इसके बाद आरोपी ने मजदूर पर गोली चलाई है। ऐसे में पुलिस के लिए बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि आरोपी के पास बंदूक कहां से आई। आरोपी पांच दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि जमथल निवासी रूप लाल पुत्र गुलाबा राम ने बुधवार रात 10.30 बजे थाना बरमाणा में फोन कर शिकायत दी कि उन्हीं के गांव के दिनेश कुमार ने उनके घर में काम कर रहे मजदूरों बलदेव पर गोली चलाई। लेकिन गोली साइड से निकल गई। रूप लाल ने शिकायत में बताया कि उनके खेत में मजदूर बांस काट रहे थे और दिनेश ने शराब पीकर उन्हें बांस न काटने की चेतावनी दी। जब मजदूरों ने अपना काम जारी रखा तो दिनेश ने मजदूर पर गोली चला दी। एसपी बिलासपुर अंजुम आरा ने बताया कि पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस पता लगाने में लगी है कि आरोपी के पास बंदूक कहां से आई।