अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई (बिलासपुर)। तलाई थाना के तहत आने वाले सुन्हाणी क्षेत्र में मनन गांव पर पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान तीन युवकों से चिट्टा व चरस पकड़ा है। तीनों युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर नशे का सामान कब्जे में ले लिया है। तीनों युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना तलाई के मुख्य आरक्षी प्रकाश चंद, आरक्षी विपन और संगम कुमार की टीम शुक्रवार रात्रि गस्त पर थे। इसी दौरान सुन्हाणी के साथ लगते गांव मनन सड़क पर तीन युवकों को तलाशी के लिए रोका, जिनके पास से पुलिस ने 5 ग्राम चिट्टा और 35 ग्राम चरस बरामद की।
पुलिस को युवकों से तलाशी के दौरान मिले मादक द्रव्य पदार्थ मिलने पर कानूनी कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार उर्फ विक्की पुत्र दिलीप सिंह, अंकुश कुमार उर्फ अंकु पुत्र राजेंद्र कुमार दोनों गांव डुहक तहसील झंडूता जिला बिलासपुर के है। जबकि तीसरे युवक की पहचान रजनीकांत बन्याल उर्फ विपुल पुत्र सुरेश कुमार गांव लुखाणी तहसील बड़सर जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
उधर डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तलाई पुलिस थाना टीम ने रात्रि गश्त के दौरान तीन युवकों से चिट्टा और चरस बरामद की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया है जिन्हें घुमारवीं न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान चला हुआ है जिसमें पुलिस नशे को सोर्स से खत्म करने के लिए कार्य कर रही है ताकि नशे को जड़ से मिटा दिया जाए।