बिलासपुर (रामपुर)।कोतवाली क्षेत्र के धावनी हसनपुर गांव में शुक्रवार की अपराह्न हाईटेंशन लाइन में अधिक करंट आने की बजह से अचानक तारों में फाल्ट होने से करंट गांव की नालियों में फैल गया, जिसके कारण एक बालिका समेत तीन लोग बुरी तरह से झुलस गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, हाई वोल्टेज की बजह से गांव में लोगों के विद्युत उपकरण फुंकने से हजारों रुपये का नुकसान हो गया।
घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव धावनी हसनपुर में शुक्रवार की अपराह्न करीब तीन बजे घटी। ग्रामीणों के मुताबिक, अपराह्न करीब तीन बजे गांव की हाईटेंशन लाइन में अचानक करंट आ गया। जिसके कारण बिजली के तार फाल्ट होने के की बजह से टूटकर बिजली की लाइन के नीचे बंधे जाल में गिर गए, जिसके कारण करंट खंभों के जरिए गांव की नालियों में भी फैल गया। लोगों के घरों के तमाम बिजली के उपकरण फुंक गए। गांव की गलियों से गुजर रहे गांव निवासी मोहम्मददीन 30 वर्ष, बाबू की पांच वर्षीय पुत्री निशा व वसीम अहमद बिजली के करंट के चपेट में आने से झुलस गए।इस दौरान गांव में अफरा तफरी मच गई। कोहराम के बीच लेाग इधर उधर भागने लगे। इस बीच लोगों ने फोन करके बिजली की अपूर्ति बंद कराई। इसके बाद लोगों ने करंट से झुलसे लोगों को रेत में दबा दिया। इसके बाद उन्हें नगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों की सूचना पर बिजली कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। बिजली कर्मियों ने तारों को बांध कर आपूर्ति सुचारु कराई। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के तार बेहद जर्जर हालत में हैं, जिन्हें बिजली विभाग बदल नहीं रहा है।जिसकी बजह से गांव में हजारों रुपये के बिजली उपकरण फूंके हैं। एसडीओ राजकुमार सिंह का कहना किसी पक्षी के कारण लाइन में फाल्ट हो गया था। जिसे ठीक करा दिया गया है।