पुलिस ने बिलासपुर शहर में छापेमारी कर एक ढाबे से चिट्टा और तीन इंजेक्शन बरामद किए हैं। मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। खबर की पुष्टि एसपी अशोक कुमार ने की। उन्होंने कहा कि पुलिस पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है। कहा कि पुलिस ने उक्त कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर शहर के एक ढाबे से गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चिट्टा और नशे का अन्य सामान बरामद किया है। रविवार दोपहर बाद पुलिस को सूचना मिली कि शहर के एक ढाबे पर युवक नशा कर रहे हैं। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने प्रोबेशनर आईपीएस वत्सला गुप्ता की अगुवाई में ढाबे पर छापेमारी की। इस मामले में पुलिस ने चार युवकों से हेरोइन की 2 पुड़ियां और नशे के 3 इंजेक्शन बरामद किए। इसमें से एक इंजेक्शन में खून लगा था जबकि दो इंजेक्शनों में नशीला पदार्थ था। पुलिस ने नशे की सामग्री को कब्जे में लेकर युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस की टीम में सदर थाना के सब इंस्पेक्टर भूपेंद्र, एसटीएफ के हैंड कांस्टेबल संजीव पुंडीर, कांस्टेबल अमित कुमार व पवन आदि शामिल रहे।
एसपी बिलासपुर ने बताया कि पुलिस नशे का कारोबार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। जिसके लिए पुलिस ने जिला भर में अभियान चला रखा है।