बिलासपुर। बस अड्डे पर कुछ लोगों ने एक व्यक्ति से लूटपाट की है। शातिर मुरादाबाद के व्यक्ति से उसका मोबाइल और 15 हजार की नकद चारी कर ले गए। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि एसपी बिलासपुर अंजुम आरा ने की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राधेश्याम पुत्र विजय सिंह पीओ टिकरी जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) बिलासपुर बस अड्डे में बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बस अड्डे पर खड़े कुछ युवक वहां आ धमके। युवकों ने पहले तो उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद राधेश्याम को डरा धमका कर 15 हजार की नकदी भी छीन ली। राधेश्याम बस अड्डा बिलासपुर में वामटा की ओर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उक्त आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। राधे श्याम ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
एसपी बिलासपुर अंजुम आरा ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर भादंसं की धारा 382 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस गंभीरता से मामले की छानबीन कर रही है।