राजस्थान के व्यापारी पर वारदात को अंजाम देने का आरोप
अदालत के आदेश पर घुमारवीं थाने में मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। घुमारवीं क्षेत्र के एक व्यापारी से जबरन हस्ताक्षर करवाकर 50 हजार रुपये के आठ चेक छीनने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने राजस्थान के व्यापारी पर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत घुमारवीं अदालत में दी गई। अदालत के आदेश पर घुमारवीं थाने में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत में हेमराज निवासी गांव भदरौन डाकखाना हवान तहसील घुमारवीं ने बताया कि मार्बल्स और टाइल्स का व्यवसाय करने वाले राजस्थान के एक व्यापारी के साथ व्यापारिक लेन-देन था। लेन-देन को लेकर दोनों में विवाद हो गया। राजस्थान के व्यापारी ने उस पर अजमेर में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवा दिया। इस मामले की जांच के बहाने दो पुलिसकर्मी और व्यापारी अन्य व्यक्तियों के साथ उसकी दुकान में आए। व्यापारी के नाम पर चेक जारी करने और जबरन खाली कागजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने जबरन हस्ताक्षर करवाकर 50,000 रुपये के 8 चेक छीन लिए। किसी को कुछ भी बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गया है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।