शाहतलाई (बिलासपुर)। तलाई पुलिस थाना के अंतर्गत कोटधार की ग्राम पंचायत बड़गांव गलू के गांव बड़गांव में आम रास्ता बंद करने को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बड़गांव निवासी नंदलाल ने तलाई पुलिस थाना में शिकायत दी है कि गांव को जाने के लिए एक पुराना रास्ता है। इसे गांव के एक परिवार ने जेसीबी से उखाड़ दिया। इससे रास्ता बंद हो गया। रविवार को जब पुराने रास्ते की मरम्मत की तो उन्होंने रास्ते में कांटेदार झाड़ियां रखकर इसे फिर से बंद कर दिया। कहा कि जब इन झाड़ियों को हटाने लगे तो आठ दस आदमी वहां आ गए और धमकाने लगे। उन्होंने गाली-गलौज किया और डंडे व पत्थरों से हमला कर दिया। जब विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने नंदलाल की शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। उधर, घुमारवीं के डीएसपी अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तलाई पुलिस थाना में मामला दर्ज हुआ है। पुलिस प्राथमिकता के आधार पर छानबीन कर रही है।