स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट की ग्राम पंचायत कुटैहला के धारकांशी गांव से दो माह पहले लापता हुई नेपाली मूल की नाबालिग युवती को स्वारघाट पुलिस ने हरियाणा के फतेहबाद से बरामद कर लिया है।
बता दें कि धारकांशी में रहने वाली नेपाली मूल की नाबालिग युवती जुलाई माह में लापता हो गई थी। परिजनों ने 15 जुलाई को पुलिस थाना स्वारघाट में शिकायत दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी थी।
थाना प्रभारी स्वारघाट इंस्पेक्टर विरोचन नेगी ने अपनी टीम सहित लापता युवती की तलाश शुरू की और 5 अक्तूबर की सुबह टीम को कामयाबी हाथ लगी। पुलिस टीम ने लापता युवती को मुकेश कुमार निवासी दांगड जिला फतेहबाद हरियाणा के घर से बरामद कर लिया। पुलिस युवती और युवक को अपने साथ ले आई है। पुलिस ने युवती के महिला थाना बिलासपुर और न्यायालय में बयान दर्ज करवा दिए हैं। मुकेश को 5 अक्तूबर को न्यायालय में पेश किया गया था, उसे तीन दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आठ अक्तूबर को आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा। युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट और आईपीसी की धारा 363 व 366 अपहरण का मुकद्दमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।