बिलासपुर। सदर पुलिस ने मंगलवार को टैक्सी चालक हत्या मामले के चार आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को 19 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। बिलासपुर एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि ट्रक चालक को भी प्रशस्तिपत्र और 5 हजार की इनामी राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। ट्रक चालक ने टैक्सी चालक की मदद की थी।
पुलिस ने सोमवार देर शाम ही आरोपियों को पानीपत से पकड़कर बिलासपुर पहुंचा दिया था। सूत्रों की मानें तो आरोपियों ने टैक्सी ड्राइवर की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर वारदात को अंजाम दिया था। वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के सभी आरोपी 20 से 25 वर्ष की आयु के हैं। चारों विभिन्न राज्यों से संबंधित हैं। इनमें रोहित कुमार और युवराज जम्मू-कश्मीर से, ललित कुमार नई दिल्ली से जबकि साहिल पानीपत से संबंधित है। इन आरोपियों के साथ उत्तर प्रदेश के प्रमोद कुमार को भी पुलिस ने पकड़ा है। प्रमोद कुमार इनके साथ था। आरोपियों ने प्रमोद को अंबाला से टैक्सी में दिल्ली तक लिफ्ट दी थी। इसके लिए इन्होंने 500 रुपये लिए थे।
बिलासपुर पुलिस ने कत्ल की गुत्थी को मात्र आठ घंटे में सुलझाने का काम किया है। पुलिस बारीकी से जांच में जुटी है कि इस अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं।
उधर, एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने कहा कि पुलिस ने टैक्सी चालक हत्या मामले के आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपियों को 19 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस इन आरोपियों से कड़ी पूछताछ करेगी।