स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट के तहत पंजपीरी-ज्योरीपतन संपर्क सड़क पर शनिवार दोपहर को विद्युत बोर्ड सब डिविजन कोट की जीप जकातखाना के समीप कोहलू मोड़ के पास ब्रेक फेल होने से पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया है। चालक को मामूली चोटें आई हैं। लेकिन सरकारी वाहन को काफी नुकसान हुआ है।
बताया जा रहा है कि 33/11 केवी लाइन में कोई फॉल्ट आ गया था जिसे ढूंढने के लिए जेई स्वारघाट विनय कुमार, दो फोरमेन और दो लाइनमैन गश्त पर गए थे। ये सभी कर्मचारी विद्युत बोर्ड सब डिविजन कोट की जीप एचपी 24 ए 7104 में स्वारघाट क्षेत्र में गश्त पर थे। हादसे के समय जेई सहित विद्युत बोर्ड के सभी कर्मचारी जीप से उतर गए थे और जंगल में लाइन में फाल्ट ढूंढने चले गए थे। बताया जा रहा है कि चालक गाड़ी मोड़ने के लिए जा रहा था कि पंजपीरी-ज्योरीपतन संपर्क सड़क पर कोहलू मोड़ के पास उतराई में ब्रेक फेल हो गई। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए जीप को साथ लगती पहाड़ी से टकरा दिया। इसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। विद्युत बोर्ड उपमंडल कोट के सहायक अभियंता मोहन लाल चंदेल ने हादसे की पुष्टि की है।