शाहतलाई (बिलासपुर)। तलाई पुलिस थाने के तहत आने वाले ग्राम पंचायत घराण के गांव पियूगली निवासी ने अपने ही गांव के चार लोगों के खिलाफ जंगल से लकड़ियां काटने से रोकने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज करवाई है।
जानकारी के अनुसार पियूगली निवासी कमल देव ने बताया कि वह किसी काम को लेकर जा रहा था कि रास्ते में पड़ने वाले जंगल में जीतराम, उसकी पत्नी, अजय कुमार व अक्षय कुमार लकड़ियां काट रहे थे। उसने उन्हें कहाकि यह जंगल उनकी मलकियत भूमि के साथ लगता है। आप यहां से लकड़ियां न काटो। कहा कि वन विभाग वाले हमें कहेंगे कि आपने पेड़ काटे हैं। इतना कहने पर उक्त चारों लोग मेरी तरफ दौड़े और मुझे पकड़ कर मारपीट करने लगे। वहीं लात व मुक्कों से चारों ने मुझे पीटा तथा गालीगलौज की। इतना ही नहीं चारों ने मुझे जान से मारने की धमकी दी।
कमल देव की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 341, 323, 504, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
उधर घुमारवीं के डीएसपी राजेन्द्र जसवाल ने बताया कि इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
.