घुमारवीं (बिलासपुर)। एसडीएम घुमारवीं शशिपाल शर्मा ने दावला पंचायत की करियालग खड्ड में अवैध खनन पर एक बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है। वहीं ट्रैक्टर चालक एसडीएम को देखकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार एसडीएम घुमारवीं उपमंडल के दौरे पर थे। उन्होंने देखा कि करयालग खड्ड में चार लोग अवैध खनन कर रहे हैं। जैसे ही एसडीएम ने उन लोगों को रुकने के लिए आवाज लगाई वे ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गए। उपमंडलधिकारी ने खड्ड मेें जाकर ट्रैक्टर चेक किया तो पाया कि ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं है। चेसी नंबर से ट्रैक्टर के नंबर का पता लगाया गया। जोकि एचपी 11बी 0498 था। कुछ देर बाद ट्रैक्टर का मालिक मौके पर पहुंच गया। उपमंडलाधिकारी ने मौके पर पुलिस व खनन निरीक्षक को बुलाया और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जुर्माना वसूला।
जहां पर ट्रैक्टर अवैध खनन कर रहा था वहां पर ग्राम पंचायत दावला की महिलाएं मनरेगा के तहत भूमि सुधार के कार्य में लगी हुई थीं। उपमंडलाधिकारी शशीपाल शर्मा ने जब मनरेगा के तहत कार्य कर रही महिलाओं से मस्ट्रोल की मांग की तो पाया कि मौके पर मस्ट्रोल ही नहीं है। जोकि मौके पर होना चाहिए था। उन्होंने इस संबंध में मौके से ही खंड विकास अधिकारी घुमारवीं को निर्देश दिए कि कोई भी कार्य जो मनरेगा के तहत हो रहा है वहां पर मस्ट्रोल का होना सुनिश्चित करें। ताकि यह पता लगाया जा सके कि मस्ट्रोल जिन मजदूरों के नाम जारी हुआ है। वही लोग वहां काम कर रहे हैं। एक अन्य मामले मेें एक ट्रैक्टर एचपी21ए 6803 जोकि खनन में शामिल नहीं था के चालक को वाहन के कागजात दिखाने को कहा गया तो वह वाहन से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा पाया उसका मौके पर ही चालान कर जुर्माना राशि प्राप्त की गई तथा यह हिदायत दी गई कि भविष्य में दस्तावेज वाहन के साथ ही रखे।