बिलासपुर। जिला पुलिस ने ट्रक चोर गिरोह के सदस्यों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने ट्रक चोरी मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी अन्य चोरी के मामलों में भी संलिप्त है। एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने खबर की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार गत रोज पहले नौणी के पास से एक ट्रक चोरी हो गया था जिसे पुलिस ने जगाधरी से बरामद किया था। इसके बाद से पुलिस को चोरों की लगातार तलाश थी। पुलिस ने अपनी छानबीन में सभी साक्ष्य जोड़ने के बाद इस मामले में राम स्वरूप उर्फ कुंदन, राहुल और संजीव उर्फ संजू को गिरफ्तार किया है। पुलिस को अंदेशा है कि जिले में जो भी ट्रक या फिर अन्य वाहन चोरी हुए हैं उन सभी मामलों में इसी गिरोह का हाथ है। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर मामले की छानबीन कर रही है।
सूत्रों की मानें तो उक्त लोग जिले से ट्रक चोरी कर दूसरे राज्यों में उन्हें बेच आते थे। वहीं कई सीमेंट से भरे ट्रक भी यहां से चोरी हुए हैं। पुलिस इन सभी मामलों को ध्यान में रख कर आगे की पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान अन्य चोरी के मामलों के सुराग भी पुलिस के हाथ में लगेंगे।
चोरी के मामले में दो आरोपी सदर थाना पुलिस ने पकड़े हैं। जबकि एक आरोपी को बरमाणा थाना पुलिस ने पकड़ा है जिसे बाद में सदर थाना ट्रांसफर कर दिया गया है। एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चोरी के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।