स्वारघाट(बिलासपुर)। पुलिस थाना कोट की टीम ने झिड़ियां में सड़क पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति से 10 लीटर अवैध शराब पकड़ने में सफलता हासिल की है। थाना कोट में इस संबंध में आरोपित व्यक्ति पर हिमाचल एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात पुलिस थाना कोट के एसएचओ महेंद्र सिंह की अगुवाई में आरक्षी बलविंद्र, मुख्य आरक्षी अनीता, चालक अरुण कुमार झिड़ियां की ओर गश्त पर थे। इस दौरान जब टीम घोड़े दा घास स्थान से कुछ आगे झिड़ियां जाने वाली संपर्क सड़क पर पहुंची तो एक व्यक्ति सफेद रंग की कैन हाथ में उठाए पैदल जा रहा था। पुलिस की गाड़ी देखकर व्यक्ति झाड़ियों की तरफ भागने लगा जिसे पुलिस टीम ने मौके पर दबोच लिया और कैनी को चेक किया गया तो इसमें करीब 10 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।
इस संबंध में व्यक्ति कोई भी लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा पाया जिसके चलते पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आरोपी के खिलाफ एचपी एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। श्री नयना देवी डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
.