बिलासपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता आशीष ठाकुर की अगुवाई में जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने जिलाधीश राजेश्वर गोयल से मुलाकात की और उनके माध्यम से अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजा।
इस मौके पर व्यास रक्तदाता समिति बिलासपुर, कहलूर सेवा संस्था बिलासपुर, लाडली फाउंडेशन बिलासपुर, बाबा नाहर सिंह टैक्सी यूनियन बिलासपुर, ऑटो यूनियन बिलासपुर और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने मुख्य रूप से उपस्थिति दर्ज की।
उक्त संस्थाओं ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जल्द से जल्द हिमाचल प्रदेश के अंदर सीमेंट के दाम कम किए जाएं। प्रदेश पूरे देश के सीमेंट उत्पादकों में से एक बड़ा राज्य उभरकर सामने आया है। फिर भी आज के समय में पड़ोसी राज्यों की अपेक्षा हिमाचल प्रदेश में जो सीमेंट के दाम हैं वो बहुत ज्यादा हैं। यह बहुत ही दुर्भाग्य की बात है।
ज्ञापन के माध्यम से उक्त संस्थाओं ने बताया कि हिमाचल एक कृषि प्रधान प्रदेश है यहां की जनता कृषि पर निर्भर करती है जिसकी वजह से यहां के लोग आर्थिक दृष्टि से बहुत ज्यादा सुदृढ़ नहीं है। सीमेंट उद्योगों के हिमाचल में होने की वजह से दिन प्रतिदिन यहां का वातावरण दूषित होता जा रहा है जिस वजह से भयंकर बीमारियों के फैलने की आशंका हमेशा बनी रहती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि 2 महीने के अंदर समूचे प्रदेश के अंदर सीमेंट के दाम कम किए जाएं अन्यथा जिले की सभी संस्थाओं के साथ मिलकर राष्ट्रीय उच्च मार्ग का चक्का जाम किया जाएगा जिसकी जिम्मेवारी प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन की होगी।
इस मौके पर निर्मला चंदेल, कर्ण चंदेल, वीरेंद्र संधू, भरत डोगरा, कमल किशोर, जितेंद्र, अजय राणा, मनोज कुमार, श्याम लाल, निशांत, मुनि लाल, देवी राम, अमित, जतिन शर्मा, गोपाल, हर्ष, शुभम, बालकृष्ण, सुनील ठाकुर, प्रीतम शर्मा, जगजीत सिंह, आयुष व अन्य लोगों ने भाग लिया।