शाहतलाई(बिलासपुर)। तलाई थाने के तहत ग्राम पंचायत घराण के एक व्यक्ति ने खेत पर जबरन कब्जा करने के आरोप में अपने भाई-भाभी के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना तलाई में ग्राम पंचायत घराण के गांव घराण निवासी राम सिंह ने अपने भाई और भाभी के खिलाफ उसके खेत पर जबरन कब्जा और जान से मारने की धमकी को लेकर शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित ने बताया कि उसके भाई और भाभी ने उसके द्वारा बीजे गए खेतों पर जबरन कब्जा कर लिया है। जब उसने भाई ज्ञान चंद और भाभी को उसके खेतों पर कब्जा करने से मना किया तो दोनों ने उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित ने बताया कि उसके भाई ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है, जिसपर पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। इधर घुमारवीं के डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने बताया कि तलाई पुलिस थाने में एक जमीनी विवाद का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।