शाहतलाई(बिलासपुर)। तलाई पुलिस थाने के तहत गांव जोहड़ मलांगण के एक व्यक्ति ने गालीगलौज और मारपीट को लेकर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जोगड़ मलांगण गांव के निवासी राजकुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि वह अपने ट्रैक्टर में अपने साथी लखविंदर के साथ अपनी जमीन से लकड़ियां लाने जा रहा था कि खड्ड के समीप दो युवक राकेश व प्यार चंद मिले उन्होंने मुझे ट्रैक्टर को रोकने को कहा और हमें गालियां देने लगे। इतना ही नहीं उन्होंने हमारे साथ मारपीट भी की और हमें जान से मारने की धमकी दी। इस पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 323,504,506 व 34 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
इधर गांव संगास्वी निवासी प्यार चंद ने तलाई पुलिस में ट्रैक्टर चालक राजकुमार निवासी जोहड़ मलांगण के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि वह अपने कुत्ते को घुमाने के लिए भल्लू शुक्र खड्ड की तरफ जा रहा था।
बताया कि जब मैं शुक्र खड्ड में पंप हाउस के पास पहुंचा तो राजकुमार पंप के समीप ट्रैक्टर में रेता भर रहा था। जब मैंने उसे पंप के समीप रेता भरने से मना किया तो राजकुमार व उसके साथी लखविंदर ने मुझसे गालीगलौज की तथा उससे मारपीट की। इससे मेरी दाहिनी टांग में चोट आ गई है। दोनों ने मुझे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने प्यार चंद की शिकायत पर आईपीसी की धारा 341,504,506 व 34 के तहत मामला दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इधर घुमारवीं के डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने बताया कि पुलिस थाना में एक क्रॉस केस दर्ज हुआ है। पुलिस मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।