स्वारघाट (बिलासपुर)। बिलासपुर पुलिस की एसआईयू टीम ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग 205 चंडीगढ़-मनाली पर अपर आरटीओ बैरियर दबाटा के समीप नाके के दौरान एचआरटीसी बस में बैठे एक युवक से 35.17 ग्राम चिट्टा पकड़ा है। पुलिस ने चिट्टे के साथ आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वहीं, थाना स्वारघाट में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मुकदमा कर लिया है। पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करों और नशे का सेवन करने वालों पर शिकंजा कस दिया है। बिलासपुर पुलिस की एसआईयू टीम को वीरवार सुबह नाके के दौरान करीब छह बजे स्वारघाट में एक और बड़ी कामयाबी मिली है। एसआईयु बिलासपुर के प्रभारी अनिल शर्मा, राजेश ठाकुर और मनीष कुमार की तीन सदस्यीय टीम ने स्वारघाट के अपर आरटीओ बैरियर के समीप नाका लगाया हुआ था। इस दौरान वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान सुबह करीब छह बजे टीम ने एचआरटीसी की दिल्ली से मनाली जा रही बस को चेकिंग के लिए रोका तो बस की सीट नंबर 39 पर बैठे युवक से 35.17 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
आरोपी युवक की पहचान विनोद कुमार (25) पुत्र वीरी सिंह निवासी गांव मोरला, डाकघर बरांग, तहसील सरकाघाट जिला मंडी के रूप में हुई है। आरोपी युवक को एसआईयू टीम ने गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना स्वारघाट को सौंप दिया है। डीएसपी नयना देवी संजय शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कहा कि पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।