बरठीं(बिलासपुर)। ग्राम पंचायत बड़गांव के गांव टीहरा के एक व्यक्ति की गत तीन दिन पहले गला घोंटने के कारण हुई मौत के बाद पुलिस की ओर से दूसरी बार पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और उसका अंतिम संस्कार शनिवार को कर दिया गया है। वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर छानबीन कर रही है।
उल्लेखनीय है कि मृतक सुखदेव ग्राम पंचायत बड़गांव के उपप्रधान रमेश चंद का भाई था। गत बुधवार को गांव टीहरा के सुखदेव ने फंदा लगा कर अपनी जीवन लीला खत्म कर दी थी।
इस पर परिवारजनों ने पुलिस को अपने बयान में कहा था कि मृतक की डंगे से गिर कर मौत हुई है लेकिन वीरवार को पुलिस ने जब मृतक का पोस्टमार्टम करवाया तो उसमें खुलासा हुआ कि मृतक की मौत डंगे से गिर कर नहीं बल्कि गला घोंटने के कारण हुई है।
इस पर पुलिस की ओर से मृतक का शव संस्कार से पहले ही एक बार फिर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया और लोगों के बयान कलम बंद किए गए। थाना तलाई प्रभारी सतपाल शर्मा ने बताया कि शव को परिजनों को सौंप दिया है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को खंगालने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी कार्रवाई किरया-कर्म के बाद की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को झूठे ब्यान देकर लोगों ने गुमराह करने की कोशिश की है। दोषी व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।